रांची। रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में कथित धांधली को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और छात्र नेताओं ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक 'संविधान मार्च' निकाल कर अपना विरोध जताया। चौक पर एकत्रित प्रदर्शनकारियों ने सबसे पहले संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और फिर एकजुट होकर राष्ट्रगान गाया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग उठाई। अभ्यर्थियों ने 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य सभी विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

मौके पर मौजूद जेपीएससी अभ्यर्थी रविंद्र पासवान ने सीधे राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कार्मिक और शिक्षा विभाग दोनों ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अधीन हैं, ऐसे में वे जेपीएससी की गड़बड़ियों की जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। रविंद्र ने सवाल उठाया कि सरकार आखिर सीबीआई जांच कराने से क्यों कतरा रही है? उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत जांच के आदेश देने चाहिए और पूरी व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने जेपीएससी और जेएसएससी की कार्यप्रणाली पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह ‘संविधान मार्च’ राज्य के युवाओं और छात्रों की बुलंद आवाज है।