रामगढ़। रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रामगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय गणित-विज्ञान मेला 2026-27 में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का परिचय दिया। कार्यक्रम में झारखंड और बिहार के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिरों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक एवं गणितीय गतिविधियों, मॉडलों और परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए। इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल और प्रोजेक्ट का अवलोकन कर उनके प्रयासों और प्रतिभा की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सांसद का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के राष्ट्रीय मंत्री ब्रह्मा राव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम, प्रदेश सचिव नकुल शर्मा, विभाग निरीक्षक विवेक नयन, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष सुरेश बगड़िया, सचिव शंकर लाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल, अभिभावक प्रमुख गीता मेहता, विद्या भारती पूर्व छात्र प्रांत सहसंयोजक प्रवीण कुमार सोनू, पूर्व छात्र राजीव कुमार, शशि शर्मा, अनुज कुमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
