रामगढ़। शहर के जिमखाना क्लब रिजॉर्ट में स्वर्गीय रामचंद्र रूंगटा की पुण्य स्मृति में रूंगटा परिवार द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। कथा के पांचवें दिन परम श्रद्धेय आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने नरसिंह अवतार, वामन अवतार और भगवान श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग सुनाया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग आते ही पूरा पंडाल "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाल गोपाल का स्वागत किया। इस दौरान माखन-मिश्री का भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं ने सुमधुर भजनों पर भाव-विभोर होकर नृत्य किया। कथा के दौरान आचार्य श्री ने परिवार में नैतिक मूल्यों, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति के संस्कार देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी, पूर्व सांसद अजय मारू सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने शिरकत कर व्यासपीठ का आशीर्वाद लिया। मुख्य यजमान माया रूंगटा, अभिषेक, आलोक और आशीष रूंगटा ने सपत्नीक व्यासपीठ का पूजन किया। कथा के अगले दिन गोवर्धन पूजन एवं छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।
