रांची। कोल विद्रोह के महानायक, आजादी के महानायक एवं स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती महोत्सव का आयोजन 1 दिसंबर को सोनाहातू में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने राज्यपाल संतोष गंगवार को आमंत्रित किया। देवेन्द्र नाथ महतो ने जानकारी दी कि राज्यपाल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति दे दी है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डुमरी के विधायक जयराम महतो, साहित्यकार एवं पूर्व सांसद शैलेन्द्र महतो सहित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, शहीद शेख भिखारी, विनोद बिहारी महतो समेत झारखंड के अन्य महान शहीदों एवं आंदोलनकारियों के वंशजों को भी आमंत्रित किया गया है। देवेन्द्र नाथ महतो ने वीर बुली महतो के ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए बताया कि उनका जन्म 27 नवंबर 1785 को रांची जिला के सोनाहातू प्रखंड अंतर्गत कोड़ाडीह गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत और तत्कालीन शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया। अंततः कर्नल बोवेन की सेना के साथ संघर्ष के बाद उन्हें गिरफ्तार कर काला पानी की सजा सुनाई गई और अंडमान-निकोबार स्थित सेलुलर जेल भेज दिया गया, जहां 14 जून 1834 को उनकी मृत्यु हुई।