रांची। खलारी थाना क्षेत्र के बड़किटिंग में कोयला लदे हाईवा में आगजनी की घटना में शामिल चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया हैI पुलिस के अनुसार8 नवंबर को कोयला लोड हाईवा में आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर मामले की जांच तेज की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल अपराधी लेवी की रकम नहीं मिलने के कारण दोबारा घटना को अंजाम देने के इरादे से खलारी की ओर आ रहे हैं। इसके बाद एसआईटी ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया।इसी दौरान एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोक कर जांच की गई और उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने 8 नवंबर को हुई हाईवा आगजनी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। जिन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, उनमें अफताब आलम उर्फ टिक्कू, हसन अंसारी, कलीम अंसारी और मो. मौजमील शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हसन अंसारी का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ ओडिशा के स्नेहली थाना में वर्ष 2025 में मामला दर्ज है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अन्य संभावित संलिप्त अपराधियों और आगजनी की घटना के पीछे के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।