देवघर। कांग्रेस की ओर से 26 जनवरी को रांची में संविधान बचाओ मार्च का आयोजन किया गया है। इसमें देवघर जिला से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। उक्त कार्यक्रम की सफलता को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश प्रवक्ता इकरारुल हसन विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए इकरारुल हसन ने कहा कि 26 जनवरी को रांची में आयोजित वोट चोर गद्दी छोड़, वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने देवघर जिले के सभी प्रखंड, मंडल नगर अध्यक्ष, प्रखंड एवं विधानसभा प्रभारियों से आह्वान किया कि इस कार्यक्रम में देवघर जिले की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अभी से संगठनात्मक तैयारियां शुरू करें। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक प्रखंड एवं मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक जनसंपर्क किया जाए तथा रांची में आयोजित कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस पहल की जाए। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से देवघर जिले के सभी प्रखंडों एवं मंडलों में चौपाल कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाने पर भी विशेष चर्चा हुई। इन चौपाल कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय जनसमस्याओं, जनहित के मुद्दों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर आम जनता के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास ने सभी संगठनात्मक पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, एकजुटता एवं सक्रियता के साथ संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड एवं मंडल में संगठन को सक्रिय बनाना तथा कार्यकर्ताओं को जनसरोकार के मुद्दों से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थानीय जनसमस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा। संगठन के सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सह देवघर विधान सभा प्रभारी सुधीर कुमार देव, जिला उपाध्यक्ष सह मधुपुर विधान सभा प्रभारी केदार दास, जिला उपाध्यक्ष मकसूद आलम, जिला महासचिव गणेश दास, जिला महासचिव सह प्रखण्ड प्रभारी अमित कुमार पांडेय, जिला महासचिव सह प्रखण्ड प्रभारी हरे कृष्ण राय, जिला महासचिव सह प्रखण्ड प्रभारी राजेश कुमार बरनवाल, जिला महासचिव सह प्रखण्ड प्रभारी बृजभूषण राम, जिला महासचिव सह प्रखण्ड प्रभारी संजीव कुमार चौधरी, प्रखण्ड प्रभारी नजाबुल अंसारी, प्रखण्ड अध्यक्ष हेमन्त चौधरी, नकुल दास, चन्द्र देव दास, जाकिर हुसैन, शमशेर आलम, नियाज अहमद, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, पंजाबी राऊत, प्रियांशु कुमार, कामदेव दास, सदाशिव राणा, कुमार बाबा, अजय कृष्ण भारती, राहुल राज, किशोर रवानी मौजूद थे।