​जमशेदपुर।राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता स्वर्गीय सायरा मुंडा (92) का सोमवार शाम 4:00 बजे स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अर्जुन मुंडा ने स्वर्णरेखा नदी में स्नान और पारंपरिक पूजा-अर्चना के पश्चात अपनी माता के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।

​इससे पहले, दोपहर करीब 1:30 बजे घोड़ाबांधा स्थित अर्जुन मुंडा के आवास से अंतिम यात्रा शुरू हुई। स्वर्णरेखा घाट तक के लगभग एक घंटे के सफर के दौरान रास्ते में विभिन्न समुदायों के लोगों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। गौरतलब है कि सायरा मुंडा ने आज तड़के 1:45 बजे टाटा मोटर्स अस्पताल में अंतिम सांस ली थी।

​माता को अंतिम विदाई देने के लिए शहर के हजारों लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार स्वर्णरेखा घाट पर मौजूद रहे। इस दुखद घड़ी में मुंडा परिवार को सांत्वना देने वालों में राजनीति जगत के कई प्रमुख चेहरे शामिल थे। घाट पर उपस्थित होकर शोक व्यक्त करने वालों में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा, धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह, पूर्व सांसद कृष्णा मार्डी, विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो प्रमुख रहे।

​इसके अलावा स्थानीय नेता मनोज सिंह, देवेंद्र सिंह, अजय सिंह और अमरप्रीत सिंह काले सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों व आम लोगों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।