रांची। कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार (24 नवंबर) को पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्री राधा-कृष्ण राज श्यामाजी का नवीन वस्त्रों एवं जड़ित, सुसज्जित आकर्षक आभूषणों से अलौकिक एवं मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। इसके उपरांत पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं भगवान को विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रसाद भोग अर्पित किया जाएगा। देव दीपावली के विशेष अवसर पर मंदिर परिसर को दीपों से सजाया जाएगा। दीपों की जगमगाती रोशनी के बीच सामूहिक दीप आरती की जाएगी तथा श्रद्धालु भक्तजन भगवान की आराधना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना करेंगे। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा का सनातन धर्म में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन देवतागण दीपावली मनाते हैं। दीपदान, गंगा स्नान, पूजा-पाठ एवं दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सम्मिलित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।
आज खास
ब्रेकिंग
