देवघर । बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ बुधवार को बिहार-झारखंड सीमा स्थित दुम्मा में वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ हुआ। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस एक माह के मेले का उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह में श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि शिव और शक्ति की नगरी में आप सभी का आत्मीय स्वागत है। पावन श्रावण मास में देवघर आने वाले देवतुल्य कांवरियों की सेवा करना स्वयं भगवान शिव की आराधना के समान है।

मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।पूरे मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सिस्टम लागू किया गया है। श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए जगह-जगह क्यूआर कोड लगाए गए हैं। श्रद्धालु किसी भी असुविधा की तस्वीर खींचकर क्यूआर कोड स्कैन कर साझा कर सकते हैं, जिस पर 15 मिनट के भीतर कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि देवघर अपने भव्य स्वरूप के साथ बाबाधाम आने वाले सभी भक्तों के अभिनंदन के लिए तैयार है। उन्होंने अधिकारियों, सेवादारों और स्थानीय नागरिकों से एकजुट होकर मेले को सफल बनाने की अपील की।

गुरुवार से श्रावण मास की शुरुआत हो रही है। मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बुधवार रात 12 बजे से बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा एक माह के लिए स्थगित कर दी गई है। अब मंदिर में जलार्पण के लिए अरघा सिस्टम लागू रहेगा। मेला शुरू होने से ठीक पहले आषाढ़ पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा मंदिर में जलाभिषेक और स्पर्श दर्शन किए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गुंजायमान रहा।

उद्घाटन समारोह में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह), जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, नगर निगम महापौर रवि राउत, उपमहापौर टिप चटर्जी, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।