हजारीबाग। हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता अपार्टमेंट में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने पति दिनेश राणा और अन्य ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

पुलिस को दिए गए अपने आवेदन में पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने बताया कि उनकी बेटी अनुष्का की शादी 4 मार्च 2024 को हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार लगभग 10 से 15 लाख रुपये मूल्य के सामान और उपहार दिए थे। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के लिए अनुष्का को प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ लगातार गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। परिवारिक स्तर पर कई बार आपसी समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला।

आवेदन के अनुसार घटना से ठीक पहले 21 अक्टूबर की रात अनुष्का ने फोन कर अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी दी थी। इसके बाद, उसी रात करीब 2:40 बजे उसने अपने पिता को अंतिम बार कॉल किया था। अगले दिन सुबह पड़ोसियों के माध्यम से परिवार को सूचना मिली कि अनुष्का का शव पंखे से लटका हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका के पिता ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर हत्या कर फरार होने का आरोप लगाया है और पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार है।