धनबाद। धनबाद जिले में सोमवार की सुबह अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। पहली घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के घसकोडीह गांव की है, जहां जमीन विवाद को लेकर 32 वर्षीय दौलत राम महतो की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वहीं, दूसरी घटना सरायढेला थाना क्षेत्र की है, जहां कुसुम विहार के समीप एक 15-16 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है।
जमीन विवाद में युवक की निर्मम हत्या
मिली जानकारी के अनुसार मृतक दौलत राम महतो सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे मोटरसाइकिल से फल खरीदने बाजार जा रहे थे। जब वे निचितपुर जाने वाली सड़क से गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट और गला काटे जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक के भाई साहेब राम महतो ने अपने ही परिवार के लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने त्रिवेणी प्रसाद महतो, सूर्यकांत महतो (उर्फ बिनोद), सचिन महतो, सरयू महतो और भगिया देवी को नामजद किया है। परिजनों के अनुसार, पिछले काफी समय से जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था और कई बार तनाव की स्थिति भी बनी थी। आरोप है कि इससे पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके चलते पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। चर्चा यह भी है कि मुख्य आरोपियों में शामिल त्रिवेणी प्रसाद महतो राजगंज कॉलेज में प्रोफेसर हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सरायढेला में किशोर का शव बरामद
उधर, दूसरी घटना सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित कुसुम विहार के समीप की है, जहां सोमवार सुबह एक किशोर का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की उम्र करीब 15 से 16 वर्ष है और उसकी पहचान किशन बांसफोर के रूप में हुई है, जो धनबाद थाना क्षेत्र के गोल्फ ग्राउंड के समीप का रहने वाला था।
किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस दोनों ही मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।
