मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के जेएमपी कॉम्प्लेक्स में गार्ड विनोद पांडेय की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी कपिल चौधरी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पोखराहा (छेछानी टोला) में छापेमारी कर तीन आरोपियों अनुभूति सिंह,गोल्डन यादव और चंदन कुमार उर्फ चंदन कमलापुरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को कॉम्प्लेक्स में विष्णु राम की भगिनी की बर्थडे पार्टी के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर कॉम्प्लेक्स के मैनेजर सोनू सिंह और गार्ड से विवाद हुआ था। इस दौरान गार्ड द्वारा की गई गाली-गलौज का बदला लेने के नियत से इस वारदात को अंजाम दिया गया। विष्णु राम के ड्राइवर चंदन कुमार ने गार्ड पर गोली चलाई थी। चंदन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर आर्म्स एक्ट सहित 15 मामले दर्ज हैं। आरोपी अनुभूति सिंह ने चंदन को पिस्टल मुहैया कराई थी।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक स्कूटी जब्त की है।इस सफल छापेमारी अभियान में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
