दुमका/जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देशव्यापी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत गुरुवार को जमशेदपुर और दुमका में विशाल रैली एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
जमशेदपुर: साकची में जुटी भीड़, वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
जमशेदपुर में कार्यक्रम की शुरुआत साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान में आयोजित जनसभा से हुई। सभा के पश्चात नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक विशाल पदयात्रा निकाली, जो साकची के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए साकची पार्किंग स्थल पहुंचकर संपन्न हुई।
इस रैली में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू तथा भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
दुमका: बाबूलाल मरांडी और चंपई सोरेन के नेतृत्व में निकला मार्च
उधर, दुमका जिला भाजपा द्वारा आयोजित पदयात्रा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रैली और सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस तथा 'इंडी गठबंधन' पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र के नाम पर देश में भीड़तंत्र को बढ़ावा देने, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और अराजकता के पूरी तरह समाप्त होने तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा और पूर्व विधायक सीता सोरेन समेत जिला स्तर के अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
