धनबाद। शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और शिक्षकों के तबादले-पदस्थापन में अवैध लेन-देन के विरोध में निरसा विधायक अरूप चटर्जी का अनिश्चितकालीन अनशन गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग धरना स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने विधायक से वार्ता कर अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया, लेकिन बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
विधायक अरूप चटर्जी ने अपनी मांगों पर अड़े रहते हुए स्पष्ट किया कि जब तक उपायुक्त की ओर से सभी मुद्दों पर लिखित आश्वासन और ठोस कार्रवाई का आदेश जारी नहीं होता, तब तक भूख हड़ताल समाप्त नहीं होगी। उन्होंने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की है।
गौरतलब है कि विधायक अरूप चटर्जी भ्रष्टाचार के खिलाफ मंगलवार से उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
