देवघर। त्योहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता, स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान हरिकिशुन साह लेन में बबलू कुमार केसरी के लड्डू निर्माण स्थल (कारखाना) की औचक जांच की गई तो वहां कई अनियमिताएं पाई गई। लड्डू निर्माण स्थल से बूंदी लड्डू और बेसन लड्डू के दो नमूने टीम ने संग्रहित किए। जिसे जांच के लिए राज्य खाद्य जाच प्रयोगशाला भेजा गया। साथ ही 10 लीटर चाशनी को अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे जाने के कारण उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। बबलू कुमार केसरी द्वारा अस्वच्छ परिस्थितियों में लड्डू निर्माण करते पाए जाने पर तत्काल उनका खाद्य लाइसेंस प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। टीम ने हरि किशुन साह लेन के अलावा कोर्ट रोड, जटाही मोड़ एवं तिवारी चौक के दुकानों की भी जांच की। इस दौरान केसरिया स्वीट्स से 12 लीटर एक्सपायर्ड मेधा दूध के दो पैकेट नष्ट कर दुकानदार को नोटिस जारी किया गया। वहीं, तिवारी चौक स्थित एक छोले भटूरे के स्टॉल से छोले में अखाद्य रंग पाए जाने पर लगभग 6 किलोग्राम छोले को मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही, गणेश मिष्ठान भंडार, श्री गणेश भोजनालय, किशोर गुजराती डोसा, चुलबुल मोमोज स्टॉल, देवघर वेज मंचूरियन, मोमो वाला, द फेमस बिग रोल, तिवारी जी का दुकान एवं मधुरम स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विभिन्न खाद्य पदार्थों जैसे पनीर, मिठाई, चटनी, मसाले, सांभर, आलू मसाला एवं सॉस की जांच की गई। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, शैलेश कुमार यादव एवं अंजलि विवा मिंज एवं अन्य शामिल थे।