देवघर। शहर के नवदुर्गा मंदिर के पीछे घनी आबादी के बीच अवैध रूप से संचालित एक नेल पॉलिश की फैक्ट्री में गुरुवार अहले सुबह भीषण आग लग गई। इससे फैक्ट्री में रखे स्पिरिट और ज्वलनशील केमिकल के ड्रामों में भी आग पकड़ गई और धमाकों के साथ लपटें तेज हो गई। आग के तेजी से फैलने से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे चार दमकल ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग की तत्परता के कारण अग्निकांड में जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। उधर, हादसे के बाद फैक्ट्री का मालिक मोबाइल बंद कर गायब हो गया और कर्मी भी भाग निकले। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब छह-सात साल से उक्त नेल पॉलिश की फैक्ट्री मोहल्ले में घनी आबादी के बीच चल रही है, जिसका मालिक गुड्डू बरनवाल है।

अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव ने बताया कि रिहायशी इलाके में नेल पॉलिश की फैक्ट्री चल रही थी, जिसकी सूचना विभाग को नहीं दी गई थी। साथ ही अग्निशमन विभाग से एनओसी वगैरह भी नहीं लिया गया था। इस कारण फैक्ट्री मालिक पर न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में स्पिरिट और ज्वलनशील केमिकल के 15 से अधिक ड्राम रखे हुए थे। जैसे-जैसे ड्रामों में आग पक़ड़ी, उससे धमाके होने लगें। इससे फैक्ट्री के पिलर और दीवारें टूट गई और एस्बेस्टस की छत उड़ गई। आग बुझाने में पानी के साथ-साथ एक्वियस फिल्म-फॉर्मिंग फोम का भी इस्तेमाल किया गया। हादसे की जानकारी पाकर नगर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच राहत और बचाव कार्य में दमकलकर्मियों की मदद की। अग्निशमन पदाधिकारी के अनुसार, शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका है।