जामताड़ा। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने विशेष अभियान के तहत छापेमारी कर तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी।

एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को साइबर अपराधियों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ आमबागान के पास छापेमारी की। इसके बाद नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोरवा गांव निवासी बबलू अंसारी के घर पर भी दबिश दी गई। इस दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम बबलू अंसारी (उम्र 22 वर्ष) – पिता/निवासी: बोरवा गांव, थाना नारायणपुर,पप्पू मंडल (उम्र 25 वर्ष) – निवासी: काशीटांड़, थाना कर्माटांड़ और प्रकाश कुमार मंडल (उम्र 28 वर्ष) – निवासी: काशीटांड़, थाना कर्माटांड़ है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके अन्य सहयोगियों तथा नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।