देवघर। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव गुरुवार को देवघर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए पप्पू यादव ने बिहार और केंद्र सरकार पर हमला बोला। पप्पू यादव ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ से हमने प्रार्थना की है कि केंद्र सरकार को सदबुद्धि दे, ताकि भारत के संविधान, शिव, गीता और रामायण को सर्वोच्च माने। धनबाद के खटाल प्रकरण पर श्री पप्पू ने कहा कि इस बारे में मुखयमंत्री हेमंत सोरेन से बात हुई है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि खटाल उनकी प्राथमिकता है और उसे उजड़ने नहीं दिया जाएगा। किसी गरीब का अशियाना नहीं छीनेगा। 26 साल पहले खटाल को बसाया गया था और आज वहां बड़े अस्पताल, मॉल, लोगों के अशियाने हैं। 
धनबाद के डीसी ने भी भरोसा दिलाया है कि किसी को उजाड़ा नहीं जाएगा। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि धनबाद सीओ और वैसे पदाधिकारी जो माफिया से मिलकर गरीबों का अशियाना उजाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब प्रदेश झारखंड पर केंद्र सरकार की गिद्ध दृष्टि न पड़े, यह भी भोलेनाथ से प्रार्थना की गई। बिहार में डबल इंजन की सरकार है तो वहां के हालात अच्छे नहीं है। बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है।
