गिरिडीह। जिले के धनवार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित यूको बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। बाइक पर सवार होकर पहुंचे करीब आधा दर्जन अपराधियों ने महज 20 मिनट के भीतर बैंक को अपने कब्जे में लेकर करोड़ों की इस वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को दोपहर करीब 12:44 बजे पांच से छह अपराधी हथियारों से लैस होकर बैंक के अंदर घुसे। बैंक में प्रवेश करते ही उन्होंने बंदूक का भय दिखाकर वहां मौजूद बैंक कर्मियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। एक अपराधी ने बैंक प्रबंधक के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि अन्य अपराधियों ने एक-एक कर सभी लोगों को बंधक बना लिया। अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक बैंक में जमकर उत्पात मचाया।
अपराधी बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम और लॉकर तक पहुंच गए। बैंक प्रबंधक के अनुसार इस दुस्साहसिक वारदात में अपराधी बैंक से लगभग 10 से 12 लाख रुपये नकद और लॉकर में रखे करीब तीन से चार करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात अपने साथ ले गए। इसके अलावा, बैंक में मौजूद दो ग्राहकों से भी नकदी और सामान लूटे जाने की बात सामने आई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बैंक में हुई। व्यस्त बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इतनी बड़ी लूट की घटना ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में भारी दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके कुछ ही देर बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे और मामले की गहन छानबीन में जुट गए।
फिलहाल पुलिस बैंक कर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से लगातार पूछताछ कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए बैंक और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही अपराधियों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
