बोकारो । बोकारो इस्पात संयंत्र अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) ने अपने आंदोलन के दूसरे चरण में एसएमएस न्यू विभाग के सीजीएम कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। संघ ने आरोप लगाया कि सेल कॉर्पोरेट स्तर पर 45 और बोकारो संयंत्र स्तर पर 60 से अधिक मांगें लंबे समय से लंबित हैं। 2017 वेज रिवीजन, एरियर, बोनस फार्मूला, एनजेसीएस सुधार और ग्रेच्युटी जैसे मुद्दों पर कई यूनियनों ने अदालत का रुख किया है। सुविधाओं के पुनरीक्षण न होने से कर्मचारियों को फिलहाल केवल बेसिक और डीए ही मिल पा रहा है।

यूनियन कोषाध्यक्ष राहुल प्रसाद साव और विभागीय प्रतिनिधि अजय कुमार ने कहा कि एनजेसीएस से लेकर कॉर्पोरेट स्तर तक प्रणाली में बदलाव के बिना कर्मचारियों का भला नहीं होगा। संघ ने प्रबंधन और इस्पात मंत्रालय के रवैये के खिलाफ आमरण अनशन व मौन जुलूस के जरिए 'आर-पार के संघर्ष' की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में अध्यक्ष दिलीप कुमार, महासचिव हरिओम समेत कई पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।