बोकारो। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 'ऑपरेशन अमानत' के तहत मुस्तैदी दिखाते हुए एक यात्री का ट्रेन में छूटा 14 लाख रुपये के गहनों से भरा बैग सकुशल बरामद कर उन्हें सौंप दिया है।
आरपीएफ भोजूडीह से मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा के बालेश्वर निवासी आशीष कुमार प्रधान नंदनकानन एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रहे थे। बोकारो स्टेशन पर उतरते समय वह अपना अन्य सामान तो साथ ले गए, लेकिन गहनों से भरा ट्रॉली बैग ट्रेन में ही भूल गए।
ट्रेन छूटने के बाद जब उन्हें बैग गायब होने का अहसास हुआ,तो उन्होंने तुरंत आरपीएफ को इसकी सूचना दी। शिकायत मिलते ही आरपीएफ की टीम ने 'ऑपरेशन अमानत' के तहत त्वरित कार्रवाई की और ट्रेन को अटेंड कर बैग को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब आरपीएफ ने बैग आशीष के सुपुर्द किया, तो अपनी भूल से खो चुके लाखों के गहने वापस पाकर वह भावुक हो गए। उन्होंने आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई और ईमानदारी के लिए पूरी टीम का आभार जताया।
