खूंटी/रांची। घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकले 11वीं के छात्र की खूंटी स्थित रिमिक्स फॉल के गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रांची के डोरंडा (बड़ा घाघरा) निवासी 20 वर्षीय निलेश कच्छप के रूप में हुई है। निलेश संत लुईस इंटर कॉलेज का छात्र और पूर्व सैनिक व वर्तमान में रांची एयरपोर्ट में कार्यरत सुशील कच्छप का पुत्र था।
परिजनों के अनुसार निलेश शनिवार सुबह करीब 7 बजे घर से कॉलेज के लिए निकला था। हालांकि, वह कॉलेज न जाकर अपने दोस्तों के साथ चार बाइकों पर सवार होकर करीब 8:30 बजे रिमिक्स फॉल पहुंच गया। बताया जा रहा है कि एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए सभी छात्रों ने कॉलेज से बंक मारा था।
सुबह 10:30 बजे निलेश फॉल में नहाने उतरा। वहां तैनात सुरक्षा कार्यकर्ताओं ने उसे बार-बार गहरे पानी में जाने से रोका, लेकिन उसने चेतावनी को अनदेखा कर दिया। तैरना न आने के कारण वह नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्तों के शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीण पहुंचे। मारंगहादा थाना प्रभारी युगेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए लाइफ जैकेट पहनकर ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 1 बजे निलेश का शव गहरे पानी से बाहर निकाला जा सका। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर चिकित्सक डॉ. कुमार आलोक बिहारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि कार्यकर्ताओं ने छात्र को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन पर्यटकों की लापरवाही और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग व सख्त निगरानी की कमी ऐसे हादसों की वजह बन रही है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है।
