​रांची: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का विस्तृत निरीक्षण किया।

​टीम ने बकरी बाजार, आर.आर. स्पोर्टिंग क्लब, राजस्थान मित्र मंडल, जिला स्कूल, कोकर, चुटिया, हरमू सहित कई पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, विद्युत सुरक्षा, सीसीटीवी और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

​पूजा समितियों को दिए गए मुख्य निर्देशों में कहा गया है कि पंडालों में अग्निशमन उपकरण चालू स्थिति में रखें और आपातकालीन निकास मार्गों को हमेशा खाली रखें।महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग प्रवेश-निकास बनाएं। भीड़ नियंत्रण के लिए योग्य स्वयंसेवक तैनात करें और ट्रैफिक पुलिस से समन्वय रखें।खुले तारों को ठीक करें, पर्याप्त रोशनी और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करें।किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस-प्रशासन को दें।

​उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों और नागरिकों से त्यौहार को शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की है।