धनबाद। टुंडी प्रखंड के मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जाताखुंटी पंचायत के गुलियाडीह गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर एक सहायक अध्यापक की जान ले ली। मृतक की पहचान नया प्राथमिक विद्यालय, गुलियाडीह के प्रभारी सहायक अध्यापक गिरजा मुर्मू के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गुलियाडीह जंगल में पिछले एक दिन से करीब 35 जंगली हाथियों का झुंड मौजूद था। गांव में रहने के दौरान अचानक हाथियों के झुंड ने गिरजा मुर्मू पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमले के वक्त उनके भाई किनु मुर्मू भी साथ थे, जिन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई है। हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण ग्रामीणों में जान-माल की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता है। लोग खेतों और आबादी वाले इलाकों में जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों के झुंड को जल्द से जल्द आबादी वाले क्षेत्रों से दूर खदेड़ने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।
