रामगढ़। शहर के गोला रोड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रामगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेला का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्मा राव उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम तथा विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। तीन दिनों तक चले इस क्षेत्रीय आयोजन में झारखंड एवं बिहार के विभिन्न विद्यालयों से आए भैया-बहनों ने विज्ञान एवं गणित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने मॉडल, प्रयोग एवं परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। प्रतिभागियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता तथा नवाचार का प्रदर्शन करते हुए अतिथियों एवं निर्णायकों को प्रभावित किया।

समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि विज्ञान एवं गणित केवल पाठ्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने और समस्याओं का समाधान खोजने का माध्यम है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। क्षेत्रीय संयोजक राजाराम शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में झारखंड एवं बिहार की तीन समितियों—विद्या विकास समिति, लोक शिक्षा समिति एवं भारती शिक्षा समिति—के विभिन्न विद्यालयों से आए भैया-बहनों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अखिल भारतीय स्तर पर देशभर से चयनित प्रतिभाशाली बाल वैज्ञानिक एवं गणितज्ञ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेले की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त कर विद्या विकास समिति, झारखंड ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। इस उपलब्धि से समिति से जुड़े विद्यालयों, आचार्यों, प्रतिभागी भैया-बहनों एवं अभिभावकों में उत्साह का वातावरण रहा। तीन दिनों तक विद्यालय परिसर में विज्ञान, गणित, प्रयोग, नवाचार और रचनात्मकता का संगम देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के मॉडल एवं प्रयोगों को देखा तथा नई जानकारियां प्राप्त कीं। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर भी प्रदान किया। समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन, आयोजन समिति, निर्णायक मंडल, आचार्य- आचार्या, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार एवं आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की तथा चयनित प्रतिभागियों को आगामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।