​देवघर। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के सुलभ जलार्पण और सुगम दर्शन के लिए रविवार रात नया फुट ओवरब्रिज चालू कर दिया गया है। मंदिर परिसर में बने इस फुट ओवरब्रिज से श्रद्धालुओं का समय बचेगा और जलार्पण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी।

​तीन दिन बाद शुरू होने जा रहे विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस-प्रशासन को इस नए ओवरब्रिज से काफी राहत मिलेगी।

​बिना बाधा गर्भगृह पहुंच सकेंगे शीघ्र दर्शनम वाले श्रद्धालु नए फुट ओवरब्रिज के शुरू होने से अब 'शीघ्र दर्शनम' कूपन के जरिए पूजा करने वाले भक्त बिना किसी बाधा के सीधे गर्भगृह पहुंच सकेंगे। इससे उन्हें सामान्य कतार में धक्का-मुक्की का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं, सामान्य श्रद्धालुओं की कतार भी बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से चलती रहेगी।

उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज का सफल परीक्षण कर इसे श्रद्धालुओं को समर्पित किया।

​उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन बाबाधाम आने वाले हर तीर्थयात्री की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है। श्रावणी मेले और आम दिनों में कतार प्रबंधन को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। यह ओवरब्रिज जाम और भगदड़ जैसी स्थितियों से निजात दिलाने में बेहद कारगर साबित होगा।

​पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से यह ओवरब्रिज अत्यंत महत्वपूर्ण है। भीड़ का दबाव कम होने से कतारों को नियंत्रित करना आसान होगा और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सकेगी, जिससे सभी भक्त शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन कर सकेंगे।

​इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष व महामंत्री, पुरोहित समाज के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।