​रामगढ़। जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव एक बार फिर सुर्खियों में है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के बाद देश और राज्य के कई बड़े नेता, मंत्री और नामी हस्तियां नेमरा पहुंचकर शोक व्यक्त कर रही हैं।

​मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों अपने पैतृक गांव नेमरा में ही रहकर पारंपरिक रूप से अंतिम संस्कार और श्रद्धांजली से जुड़ी रस्में पूरी कर रहे हैं।

​अंतिम संस्कार के तीसरे दिन शनिवार को भी नेमरा में नेताओं और विभिन्न समाज के लोगों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पैतृक आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने वाले सभी लोगों से मुलाकात की।

​तीसरे दिन पहुंचने वाले प्रमुख नेता में केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी और ​झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी नेमरा पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की।सांसद पप्पू यादव नेमरा पहुंचे और मुख्यमंत्री से मिलकर ढांढस बंधाया।

​इन नेताओं के अलावा विभिन्न दलों के कई अन्य वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग भी नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और शोककुल परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।