चतरा। जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता मिली। प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के कुख्यात और वांटेड नक्सली नरेश गंझू उर्फ रविकांत जी को पुलिस ने रविवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली लावालौंग थाना क्षेत्र के मंधनिया गांव का रहने वाला है और उस पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और यूपीए जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सोमवार को सिमरिया अनुमंडल मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने बताया कि चतरा पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित नक्सली नरेश गंझू चोरी-छिपे अपने पैतृक गांव मंधनिया आया हुआ है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके नेतृत्व में एसएसबी 35 बी एन और लावालौंग पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने गांव के फुटबॉल ग्राउंड से करीब 100 मीटर दूर घने जंगल से इस नक्सली को धर दबोचा। गिरफ्तार नरेश गंझू का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर चतरा के लावालौंग, कुन्दा और सिमरिया के साथ-साथ लातेहार के बालूमाथ थाने में कुल 6 बड़े और संगीन मामले दर्ज हैं। इन मामलों में 17 सीएलए एक्ट और यूएपीए एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। इलाके में शांति बहाली की दिशा में इस गिरफ्तारी को चतरा पुलिस की एक अहम कामयाबी मानी जा रही है।