रामगढ़/बोकारो।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को बोकारो जिले के कसमार-बरलंगा निर्माणाधीन मुख्य सड़क का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। क्षेत्रीय आवागमन के लिहाज से बेहद अहम इस मार्ग के बन जाने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वापसी के क्रम में मुख्यमंत्री ने सेवाती घाटी की भौगोलिक स्थिति और सड़क मार्ग का भी जायजा लिया।

कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था की रीढ़ है। इसके निर्माण कार्य के पूरा होने से स्थानीय ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य बुनियादी सेवाओं तक पहुंचने में काफी आसानी होगी। सुगम सड़क संपर्क व्यवस्था स्थापित होने से इस पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की पूरी संभावना है।

​तीनकोनिया चौक पर स्थानीय दुकान में चखा चाय-पकौड़ी का स्वाद

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन कसमार के तीनकोनिया चौक पहुंचे। वहां वे एक साधारण स्थानीय दुकान पर रुके और गरमा-गरम चाय व पकौड़ी का आनंद लिया। अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच इस तरह एक आम दुकान पर बैठे देख वहां मौजूद लोग अचंभित और उत्साहित हो उठे।

चाय-नाश्ते के दौरान मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने सहज व आत्मीय माहौल में स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने क्षेत्र के जनजीवन, विकास कार्यों और जनसुविधाओं की जमीनी हकीकत जानी। अपने बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री को पाकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा गया और लोगों ने उनसे मिलकर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की।