जादूगोड़ा। जल संसाधन विभाग द्वारा गालूडीह बराज से ओडिशा जाने वाली 56 किलोमीटर लंबी नहर के बोल्डर पिचिंग कार्य में घोर अनियमितता और घटिया निर्माण का मामला सामने आया है। स्थानीय निरीक्षण के दौरान धांधली देखकर घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन भड़क उठे और उन्होंने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य पर रोक लगा दी।

विधायक ने मौके पर ही मौजूद बराज के सहायक अभियंता विनोद कुमार बास्के और जूनियर इंजीनियर गोपाल हांसदा को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने घटिया सामग्री के इस्तेमाल और विभागीय लापरवाही को लेकर अधिकारियों की क्लास लगाई और स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी राशि की लूट किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार गालूडीह बराज से ओडिशा जाने वाली 56 किलोमीटर नहर के दोनों किनारों पर 17 करोड़ रुपये की लागत से बोल्डर पिचिंग का काम कराया जा रहा है। इस योजना का ठेका गढ़वा की संवेदक एजेंसी 'पंकज कंस्ट्रक्शन' के पास है। विधायक सोमेश सोरेन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संवेदक ने स्थानीय जनप्रतिनिधि को पूरी तरह से नजरअंदाज किया और योजना के शिलान्यास तक की जरूरत नहीं समझी। बिना किसी पूर्व सूचना के घटिया निर्माण कराकर 17 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि को हड़पने की नीयत से लीपापोती की जा रही थी। संवेदक की इस मनमानी और भ्रष्टाचार से खफा होकर विधायक ने स्थल पर ही काम को ठप करा दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक निर्माण की गुणवत्ता में सुधार और निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक काम आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।