बोकारो। भारतीय उद्योग मजदूर संघ के महामंत्री कुमार अमित ने सेल अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक अशोक पांडा को पत्र लिखकर वित्तीय वर्ष 2025-26 से सेल के सभी कर्मचारियों को दुर्गा पूजा से पूर्व एक माह के सकल वेतन (Basic+DA) के बराबर बोनस भुगतान की मांग की है।

संघ ने यह निर्णय बीयूएमएस कार्यालय में वरीय उपाध्यक्ष रामअवतार की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में लिया। बैठक के उपरांत कुमार अमित ने सेल अध्यक्ष को पत्र प्रेषित कर यूनियन की मांग से अवगत कराया।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में दिया जा रहा 21,000 से 31, 500 का फ्लैट फेस्टिवल Ex-Gratia किसी भी कर्मचारी के मासिक वेतन का 25% भी नहीं है। जबकि कॉन्ट्रैक्ट लेबर (R&A) एक्ट के तहत ठेका कर्मचारियों के लिए भी उनके वेतन के अनुपात में न्यूनतम 8.33% बोनस का प्रावधान है, इस कारण सेल कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। वहीं इसी उद्योग में टाटा स्टील में कर्मचारियों को 3.92 लाख तक बोनस मिल रहा है।

कुमार अमित ने कहा कि बोनस भुगतान अधिनियम, 1965 की धारा-34 के अनुसार यदि कोई परंपरा या समझौता अधिनियम से अधिक लाभदायक है तो वही लागू होगा तथा वेतन संहिता, 2019 भी बोनस को वेतन के अनुपात में परिभाषित करती है, फ्लैट राशि के रूप में नहीं। संघ ने सेल प्रबंधन से इस पर अविलंब कार्रवाई की मांग की है।

बैठक का संचालन संयुक्त महामंत्री अशोक कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मंत्री योगेन्द्र कुमार ने किया। बैठक में संयुक्त महामंत्री जन्मजय गोस्वामी, कोषाध्यक्ष चंद्रप्रकाश, मीडिया प्रभारी लालबाबू, कार्यसमिति सदस्य धनराज, गोविन्द रविदास, शैलेश, ईआरएस शाखा अध्यक्ष पवन, राहुल, नरेश, सुजीत, प्रवीण सिंह, अजय, रितेश, अशोक महली आदि उपस्थित थे।