मेदिनीनगर। पलामू के सतबरवा स्थित मलय डैम को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को मलय डैम का निरीक्षण कर पर्यटन सुविधाओं का जायजा लिया और बोटिंग के दौरान स्थल की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया। उपायुक्त ने कहा कि मलय डैम में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने खराब पड़ी नौकाओं की शीघ्र मरम्मत कर पुनः संचालन शुरू कराने का निर्देश दिया, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने पर्यटन और मत्स्य पालन को जोड़कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया। जिला प्रशासन का लक्ष्य मलय डैम को प्राकृतिक पर्यटन, नौकायन, मत्स्य पालन और मनोरंजन गतिविधियों के समेकित केंद्र के रूप में विकसित कर पलामू की नई पर्यटन पहचान बनाना है।