दुमका। शहर के सराय रोड स्थित पुराना सराय कुआं के पास चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। बेखौफ चोरों ने वंदना स्टोर के मालिक अशोक कुमार मोदी के बंद लॉकरों को निशाना बनाते हुए करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के पुश्तैनी जेवरात, पुराने सिक्के और नकदी पार कर दिए। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर ही सो रहे थे और उन्हें भनक तक नहीं लगी।
सुबह जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी तीनों अलमारियों के लॉकर टूटे पड़े थे और पूरा सामान फर्श पर अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय व्यवसायियों और निवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
