रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को बड़ी सफलता मिली है। सीआईडी ने कार्रवाई करते हुए गैर-कानूनी और अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह गिरफ्तारी झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या–01/2026) की प्रारंभिक परीक्षा में हुई धांधली से जुड़ी हुई है। सीआईडी की टीम ने हजारीबाग पुलिस के सहयोग से आरोपी को धर दबोचा।
जांच के दौरान आरोपी सुमन सौरभ के पास से प्रारंभिक परीक्षा की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी बरामद नहीं हुई, जिससे सीआईडी का संदेह पक्का हो गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में सुमन सौरभ ने परीक्षा में धांधली और अनुचित तरीकों का इस्तेमाल करने की बात कबूल कर ली है।
सीआईडी की यह कार्रवाई सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत चल रहे अनुसंधान के क्रम में की गई है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस पूरे रैकेट या धांधली से जुड़े अन्य लोगों पर भी गाज गिर सकती है।
