हजारीबाग। जिले में अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ की एनटीपीसी-सीएमपी इकाई ने चरही थाना क्षेत्र में अवैध कोयला लदे एक टेलर ट्रक को ज़ब्त किया है।

27 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे सीआईएसएफ की टीम ने 14 माइल और हथियारी मोड़ के पास संदेहास्पद टेलर को देखा। रुकने का इशारा करने पर चालक वाहन भगा ले गया, जिसके बाद क्यूआरटी ने लगभग 6-7 किलोमीटर तक पीछा कर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के डेमोटांड़ के पास वाहन को धर दबोचा।

जांच के दौरान चालक कोयला परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। शुरुआती इनपुट के मुताबिक, जोराकांठ क्षेत्र से अवैध रूप से निकाले गए इस कोयले को नए रास्तों के जरिए खपाने की योजना थी। सीआईएसएफ ने वाहन को ज़ब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।