देवघर। नगर थाना क्षेत्र के बेलाबगान फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित झामुमो नेता ओंकार नाथ वर्णवाल के आवास पर देर रात चार सशस्त्र अपराधियों ने धावा बोलकर भीषण लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। चेहरे पर मास्क लगाए आए अपराधियों में तीन के पास पिस्टल और एक के हाथ में तेज धारदार चाकू था। अपराधियों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात और कीमती मोबाइल फोन लूट लिए और फरार हो गए।

आशंका जताई जा रही है कि अपराधी बैद्यनाथधाम-जसीडीह रेल पटरी की ओर से आए थे। घटना को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने घर की छत पर लगा बल्ब तोड़ दिया, जिसकी आवाज ओंकार नाथ के पुत्र सम्राट शिवम ने भी सुनी थी। इसके बाद रात करीब डेढ़ बजे अपराधी गेट के बगल की दीवार फांदकर परिसर के भीतर दाखिल हो गए।

उसी दौरान ओंकार नाथ की वृद्ध मां गिरिजा देवी बाथरूम जाने के लिए कमरे से बाहर निकली थीं। कमरा खुला देखकर चारों अपराधी तेजी से अंदर घुस गए और हथियार के बल पर परिजनों को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने नगर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।