हजारीबाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुष्कर्म और बर्बरतापूर्वक मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में महिला का एक पैर टूट गया है, जिसे गंभीर हालत में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पीड़ित महिला किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती है। पीड़िता के अनुसार पड़ोस में रहने वाला बिहार का एक परिचित युवक उसके घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वहां पहुंचे कुछ अन्य लोगों ने दरवाजा खुलवाकर उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं और पैर टूट गया।
परिजनों की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी विकास राय और रूदल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि दुष्कर्म के आरोप की पुष्टि के लिए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति साफ हो सकेगी।
दूसरी ओर पीड़िता के परिजनों ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस पर अस्पताल प्रशासन की तरफ से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
