हजारीबाग। जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के आवास पर एक बड़ी घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जिलाध्यक्ष के अंगरक्षक निरंजन महतो की गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बड़कागांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। पुलिस सभी संभावित पहलुओं-हत्या, आत्महत्या या किसी हादसे को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।

प्रारंभिक तौर पर घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के रूप में देखी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के वक्त आवास पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और हथियार से गोली कैसे चली। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के पूरा होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हो सकेगा।