रांची।झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस (15 नवंबर)के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने के लिए रांची सहित राज्य के सभी 24 जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ (Run for Cleanliness) का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना और एक स्वच्छ, स्वस्थ व सुंदर झारखंड के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
राजधानी रांची में इस दौड़ का शुभारंभ मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से किया गया। इसमें शामिल प्रतिभागियों ने बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगाकर स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर वित्त, वाणिज्यकर, योजना-विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सी.पी. सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गणमान्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या सरकार की अकेली जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही एक विकसित और सुंदर झारखंड के सपने को साकार किया जा सकता है।
दौड़ के अलावा स्वच्छता के संदेश को धरातल पर उतारने के लिए चडरी तालाब छठ घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मंत्रियों और सांसदों ने खुद श्रमदान कर आम नागरिकों को जलस्रोतों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जलस्रोत हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और इनकी सुरक्षा हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।
‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ में राज्यभर के युवाओं और नागरिकों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दौड़ के समापन पर पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
राज्य स्थापना दिवस के इस अवसर पर सभी ने अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
