रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आज राजधानी रांची में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने धरती आबा को नमन कर उनके आदर्शों को याद किया।

​मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज सर्वप्रथम कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर धरती आबा को नमन किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री बिरसा चौक पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं, दूसरी ओर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

​धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

बिरसा चौक पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने समस्त झारखंडवासियों को राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन पूरे देश, विशेषकर आदिवासी समाज और झारखंडवासियों के लिए अत्यंत गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व का है।

​मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा के अदम्य साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान कर जल, जंगल, जमीन तथा आदिवासी समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका यह संघर्ष झारखंड के स्वाभिमान का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

​सीएम सोरेन ने दोहराया कि राज्य सरकार धरती आबा के सपनों के अनुरूप एक समृद्ध, सशक्त और विकसित झारखंड के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ गरीब, वंचित, आदिवासी और मूलवासी समुदायों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।