गिरिडीह।लोक आस्था के महापर्व छठ के खरना के अवसर पर शनिवार की रात पचंबा के चंदनडीह स्थित अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय के आवास पर एक भव्य भक्ति संगीत का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भोजपुरी लोकगायिका निशा उपाध्याय ने अपनी सुरीली आवाज में पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। रात 11 बजे तक चले इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया।

​18 वर्षों से जुड़ा है पारिवारिक रिश्ता

​इस धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं समाजसेवी विनोद सिन्हा भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रकाश सहाय के परिवार के साथ उनका वर्षों पुराना पारिवारिक संबंध है और वे पिछले 18 वर्षों से अपने परिवार के साथ यहां छठ पर्व मनाते आ रहे हैं। उन्होंने छठ महापर्व को आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महान पर्व बताया।

​बनियाडीह छठ घाट पर व्रतियों के लिए विशेष सुविधाएं

​छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनियाडीह छठ घाट पर इस वर्ष भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बनियाडीह पूजा समिति के सदस्यों ने इस पहल के लिए भाजपा नेता विनोद सिन्हा का आभार व्यक्त किया है।

​श्री सिन्हा के प्रतिनिधि प्रकाश श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि वे हर वर्ष अपने निजी खर्च से बनियाडीह छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम कराते हैं। इस बार भी घाट तक जाने वाले रास्तों के किनारे,विद्युत सज्जा, आकर्षक साज-सज्जा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, महिला व्रतियों की सुविधा के मद्देनजर विशेष रूप से चेंजिंग रूम का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिससे बनियाडीह और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।