रांची। झारखंड में 28- 30 नवंबर तक तीन दिवसीय फॉरेस्ट फिल्म फेस्टिवल ‘अरण्यक’ एवं 10-12 दिसंबर तक नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस 2026 का आयोजन होना है। इसके लिए सीएम हेमंत सोरेन को भी आमंत्रित करने के लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार ने उनसे मुलाकात की। सीएम को जानकारी देते बताया कि वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित इस फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य वनों, वन्यजीवों, जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरिकता बढ़ाना तथा प्रकृति और मानव समुदाय के बीच संबंधों को और सुदृढ़ करना है। ‘अरण्यक’ फिल्म फेस्टिवल रांची स्थित वन भवन के पलाश सभागार में होगा। इस महोत्सव में देश-विदेश की 70 से अधिक फिल्मों के प्रदर्शन की योजना है। कार्यक्रम के दौरान वन एवं वन्यजीव संरक्षण पर आधारित फिल्म प्रदर्शन, विशेषज्ञों के साथ संवाद, फिल्म निर्माताओं से परिचर्चा, वन्यजीव संरक्षण सम्मेलन, मास्टरक्लास तथा चित्रकला एवं प्रकृति फोटोग्राफी प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस महोत्सव में फिल्म निर्माता, वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ, वन्यजीव संरक्षणकर्ता, वन विभाग के अधिकारी, विद्यार्थी एवं युवा भाग लेंगे। इसके माध्यम से झारखंड की समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता, जनजातीय समुदायों की प्रकृति से जुड़ी परंपराओं और संरक्षण के प्रयासों को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा। नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस 2026 कार्यक्रम स्कीपा मोराबादी रांची में आयोजित होगा। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश भर के वन, प्रकृति से संबंधित वैज्ञानिक तथा रिसर्च स्कॉलर का महाजुटान होगा।