​रांची। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी)राजधानी रांची में अंतरराष्ट्रीय नशा कारोबार से जुड़े एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। यह शातिर गिरोह नशे की खेप मंगाने के लिए ट्रेनों की पैंट्री कार के कर्मियों का इस्तेमाल करता था। मामले का खुलासा होने के बाद एनसीबी की विशेष टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए एक युवती समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​गिरफ्तार आरोपियों के नाम रजत जैन (अपर बाजार, रांची), उदित कुमार (अरगोड़ा, रांची), आकाश मल्होत्रा (गिरिडीह), स्नेहा पासवान (बोरेया, रांची), मिलन सिंह (जुगसलाई, जमशेदपुर) और ऋषभ जैन है।

चार आरोपियों को 14 अक्टूबर को, मिलन सिंह को 15 अक्टूबर को और इसके बाद ऋषभ जैन को गिरफ्तार किया गया। एनसीबी अब इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।जांच के क्रम मेंयह पता चला कि ये आरोपी अंतरराज्यीय नशा गिरोह के लिए काम करते थे और इनका धंधा रांची व जमशेदपुर के अलावा जयपुर और दिल्ली तक फैला हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों में से एक पर विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए लगातार संपर्क में रहने का आरोप है। इससे थाइलैंड, नाइजीरिया, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों तक इस नेटवर्क के तार जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

दिल्ली में हुई छापेमारी के इनपुट के आधार पर रांची और जमशेदपुर में यह धर-पकड़ की गई है। इस सिलसिले में रांची के मोरहाबादी और कांके रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक को 26 अक्टूबर को पूछताछ के लिए तलब किया गया है।

​एनसीबी की इस कार्रवाई से कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।