देवघर। बुढ़ई पुलिस ने जिले में नकली शराब बनाने के धंधे का भंडाफोड़ किया है। इस सिलसिले में पुलिस ने बीती रात तिलैया मोड़ के पास चेकिंग में दो वाहनों से 1200 लीटर स्पिरिट जब्त किया है, जिसे नकली शराब बनाने को ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने अकबर अली (लालगढ़,.मधुपुर) और दिवाली राय (सुग्गा पहाड़ी, बुढ़ई) को गिरफ्तार किया है। जबकि तीसरा मंटू यादव (हथवारी, देवीपुर) पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। मामले में तीनों के खिलाफ बुढ़ई पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि गिरिडीह, जमुआ के तरफ से दो बोलेरो में नकली शराब बनाने के लिए भारी मात्रा में स्पिरिट लाई जा रही है, जिसे देवीपुर के हथवारी गांव की ओर से ले जाना था। इस सूचना पर बुढ़ई पुलिस ने तिलैया मोड़ चेकिंग लगा दी और वाहन की सघन जांच शुरू की। इस दौरान दो गिरिडीह, जमुआ की ओर से आ रही दो बोलेरो को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन ड्राइवर गाड़ियों को भगा ले कर देवीपुर की ओर ले जाने लगे। पुलिस ने दोनों वाहनों का पीछा कर उन्हें रोका और वाहनों की तलाश लेने पर उसमें करीब 1200 लीटर स्पिरिट बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि स्पिरिट का उपयोग नकली शराब बनाने में लाया जाता है। पुलिस ने स्पिरिट और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। इस दौरान तीसरा आरोपी अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। छापेमारी दल बुढ़ई थानेदार मनोरंजन महतो, दारोगा रूप सिंह मुनरी, जमादार सुभाष कच्छप, धर्मेंद्र कुमार और पुलिस बल शामिल थे।