रांची। केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन बिल लाए जाने की चर्चाओं के बीच पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या कम होने की आशंका जताई है। रांची में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में आदिवासियों के लिए आरक्षित एक भी सीट कम नहीं होनी चाहिए और वे अपनी इस मांग पर आज भी अडिग हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परिसीमन में राज्य के हितों के खिलाफ कोई फैसला लिया गया, तो संगठन सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा।

पत्रकारों से बातचीत में श्री तिर्की ने कहा कि झारखंड विधानसभा में वर्तमान में आदिवासियों के लिए 28 सीटें आरक्षित हैं। यदि परिसीमन के तहत सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है, तो यह संख्या बढ़कर 42 होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग आंकड़ों के आधार पर कई तरह की गणनाएं की जा रही हैं, लेकिन उनकी मांग स्पष्ट है कि आदिवासी सीटों की संख्या घटने के बजाय बढ़नी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि जब परिसीमन की चर्चा शुरू हुई थी, तब से ही उन्हें इसकी आशंका थी, जिसके विरोध में 31 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में विशाल महारैली आयोजित की गई थी।

पूर्व मंत्री ने भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा परिस्थितियों में वह झारखंड में सरकार नहीं बना सकती, इसलिए परिसीमन के जरिए ऐसा 'चक्रव्यूह' रचने की कोशिश कर रही है जिससे सत्ता पर काबिज हो सके। उन्होंने चिंता जताई कि झारखंड की स्थिति कहीं असम जैसी न हो जाए। श्री तिर्की के अनुसार, संसद से बिल पास होने के बाद मामला परिसीमन आयोग के पास जाएगा और आयोग के फैसले को बाद में अदालत में चुनौती देना भी कठिन हो सकता है। उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री और संसदीय कार्य मंत्री को इस बात से अवगत कराएं कि सीटें कम होने से राज्य में आदिवासी नेतृत्व का भविष्य प्रभावित होगा।

बंधु तिर्की ने कहा कि फिलहाल वे पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। यदि झारखंड के खिलाफ कोई निर्णय लिया जाता है, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। अपनी इन्हीं मांगों को लेकर आगामी 30 नवंबर को सांकेतिक रूप से सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।