रामगढ़ (नेमरा)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बुधवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री की दिवंगत माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

शोक की इस घड़ी में भी मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए नेमरा में जुटे लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर जनता से आवेदन प्राप्त किए।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, प्रबुद्ध नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री की माता दिवंगत रूपी सोरेन जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं और प्रशासनिक महकमे के आला अधिकारियों का तांता लगा रहा। गांव पहुंचे सभी गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस अपार दुख की घड़ी में गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

श्रद्धांजलि देने पहुंचे प्रमुख गणमान्य राजनीतिक नेताओं में विधायक प्रदीप यादव, विधायक जनार्दन पासवान, विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद घूरन राम, पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो, पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, पूर्व विधायक समरी लाल और पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।