रांची। राज्य में अगले चार दिनों यानी 23 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 से 23 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होगी। केंद्र ने आज रांची समेत 13 जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जतायी है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग की मानें तो 20 जुलाई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत मध्य झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विभाग के अनुसार 20 से 23 जुलाई तक राज्य में मेघगर्जन और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवा के दौरान कमजोर पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरने का खतरा भी बना रह सकता है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 21, 22 और 23 जुलाई को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।