हजारीबाग। दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए हजारीबाग पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पुख्ता करने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के व्यस्ततम इलाके झंडा चौक और बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास के दौरान पुलिस जवानों ने आपातकालीन परिस्थितियों और विधि-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से निपटने की अपनी कार्यदक्षता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा तंत्र को परखने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना था।

प्रशासन की ओर से जिलावासियों से अपील की गई है कि वे बिना किसी डर के पर्व का आनंद लें और आपसी सौहार्द बनाए रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।