बोकारो। जिले के अति व्यस्त चास क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम और सड़क दुर्घटनाओं से जल्द ही राहत मिलने वाली है। चास के आईटीआई मोड़ तथा जोधारी मोड़ के बीच फ्लाईओवर के निर्माण की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्थानीय सांसद ढुल्लू महतो को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण परियोजना की जानकारी दी है।
केंद्रीय मंत्री ने पत्र में स्पष्ट किया है कि सांसद द्वारा की गई मांग और इलाके की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए डीपीआर तैयार करने के लिए कंसलटेंसी की नियुक्ति कर दी गई है।
इस फ्लाईओवर के निर्माण से धनबाद, पुरुलिया, टाटा, रांची और बोकारो हाईवे सीधे तौर पर आपस में जुड़ जाएंगे, जिससे आवागमन सुगम होगा।
डीपीआर का काम पूरा होते ही राशि स्वीकृत कर दी जाएगी और इसके बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।
वर्तमान में आईटीआई मोड़ से जोधारी मोड़ के बीच का मार्ग अत्यधिक व्यस्त रहता है, जिसके कारण आए दिन लंबा ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस फ्लाईओवर के बन जाने से दैनिक यात्रियों और भारी वाहनों के आवागमन में भारी सहूलियत होगी।
इसके अतिरिक्त, सांसद ढुल्लू महतो के निरंतर प्रयासों से बोकारो के लाल बहादुर शास्त्री चौक से लेकर तेलमोच्चो पुल तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जो क्षेत्र के विकास में एक और बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
