जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई बड़ी डकैती और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के विरोध में शनिवार को गोलमुरी बाजार पूरी तरह बंद रहा। गोलमुरी बाजार समिति के आह्वान पर सभी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर पुलिस प्रशासन की लचर सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।

कैनरा बैंक में हुई डकैती ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बेखौफ अपराधी बैंक से करीब 23 किलो 800 ग्राम सोना (अनुमानित मूल्य 36 करोड़) और 43 लाख रूपया नकद लूटकर आसानी से फरार हो गए। व्यापारियों का आक्रोश तब और बढ़ गया जब इस वारदात के कुछ ही घंटों बाद उसी रात बेखौफ चोरों ने बाजार की एक ज्वेलरी दुकान का वेंटिलेटर काटकर लाखों के आभूषण उड़ा लिए।

लगातार घट रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में गहरा असंतोष और असुरक्षा का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि इतने व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े करोड़ों की डकैती और रात में चोरी होना पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों पर बड़ा सवालिया निशान है।

बाजार बंद के माध्यम से व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। गोलमुरी बाजार समिति ने स्पष्ट किया कि व्यापारी सुरक्षित माहौल में कारोबार करना चाहते हैं और इसके लिए प्रशासन को अविलंब ठोस कदम उठाने होंगे।